बार-बार समझौते के बाद फिर मारपीट, पीड़िता ने वीडियो वायरल कर लगाई न्याय की गुहार
आजमगढ़,बरदह थाना क्षेत्र के ग्राम कुड़ीहर निवासिनी मधु यादव पुत्री संजय यादव ने थाना अध्यक्ष बरदह को प्रार्थना पत्र देकर गांव के कुछ लोगों पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि पूर्व में भी कई बार विवाद हो चुका है, लेकिन हर बार दबाव बनाकर समझौता करा दिया जाता है।
मधु यादव के अनुसार 11 मई 2026 को शाम करीब 7 बजे वह अपने दरवाजे पर गिरी मिट्टी को समतल करवा रही थीं। इसी दौरान पड़ोसी गुलशन यादव पुत्र रंजीत यादव, अंकित पुत्र सुभाष यादव तथा दर्शन उर्फ गांगुली पुत्र हौसला प्रसाद यादव लाठी-डंडा लेकर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। पीड़िता ने आरोप लगाया कि हाथ, लात और डंडों से हमला किया गया, जिससे शरीर पर कई जगह चोटें आईं।बीच-बचाव करने पहुंचे उनके भाई अंकुर को भी आरोपियों ने पीट दिया और जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया गया। जाते समय आरोपियों द्वारा पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने की बात भी कही गई है।
पीड़िता का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पहले भी तीन-चार बार विवाद हो चुका है और मामले थाने तक पहुंचे हैं, लेकिन हर बार दबंगई और दबाव के चलते समझौता करा दिया जाता है। इस बार मारपीट की घटना का वीडियो भी बनाया गया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।मधु यादव ने थाना अध्यक्ष से निष्पक्ष कार्रवाई और सुरक्षा की मांग करते हुए कहा कि छोटी-छोटी बातों पर आरोपी पक्ष आए दिन विवाद और मारपीट पर उतारू हो जाता है, जिससे परिवार भयभीत है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है जो भी आरोपी हैं उनके खिलाफ कार्रवाई हो रही है।




