आजमगढ़ : चार बच्चों की मां की संदिग्ध मौत, गले में कसा मिला दुपट्टा
मायका पक्ष के आरोपों के बाद पुलिस ने शुरू की जांच हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं पर पड़ताल
आजमगढ़ रानी की सराय थाना क्षेत्र के सिरसाल गांव में मंगलवार को 35 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। महिला का शव कमरे में बेड पर पड़ा मिला। उसके गले में दुपट्टा कसा हुआ था। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मायका पक्ष की ओर से लगाए गए आरोपों के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है। फिलहाल हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है।सिरसाल गांव निवासी अलीम रोजी-रोटी के सिलसिले में सऊदी अरब में रहता है। घर पर उसकी पत्नी शबीना बानो (35) अपने चार बच्चों और सास के साथ रहती थी। मंगलवार सुबह बच्चे स्कूल चले गए थे। बताया गया कि दोपहर करीब दो बजे शबीना कमरे में सोने चली गई। परिवार के लोगों ने समझा कि वह सो रही है।
काफी देर बाद परिजनों ने कमरे में जाकर देखा तो शबीना बेड पर मृत अवस्था में पड़ी थी। उसके गले में दुपट्टा कसा हुआ मिला। यह देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी उसके मायके शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के सरहदा गांव में दी गई। सूचना मिलने पर मृतका की भाभी समेत मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी।
रात करीब साढ़े सात बजे रानी की सराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधिकारियों ने भी मौके का निरीक्षण किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मायका पक्ष की ओर से महिला की मौत को लेकर आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
दो वर्षीय बेटी समेत चार बच्चे हुए बेसहारा
- शबीना की मौत के बाद उसके चार बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका के चार बच्चों में सबसे छोटी करीब दो वर्षीय पुत्री है। मां की मौत से बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, घटना के बाद गांव में भी मातम का माहौल है।





