संदिग्ध हालात में बुजुर्ग दंपति की मौत
आजमगढ़ जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के गोमाडीह में एक बुजुर्ग दंपति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। घटना के बाद मृतक की बेटी ने अपने भाइयों और भाभियों पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामला गंभीरपुर थाना क्षेत्र के गोमाडीह गांव का है, जहां पूर्वी हरिजन बस्ती निवासी 70 वर्षीय श्यामलाल और उनकी पत्नी 65 वर्षीय बसंती देवी शनिवार सुबह अपने घर में मृत अवस्था में पाए गए। सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी अश्विनी कुमार मिश्रा और गंभीरपुर थाना प्रभारी अमित कुमार त्रिपाठी एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की।
बताया जा रहा है कि मृतक श्यामलाल के चार बेटे और एक बेटी हैं। ग्रामीणों के मुताबिक कुछ दिन पहले संपत्ति के बंटवारे को लेकर परिवार में विवाद हुआ था। आरोप है कि शुक्रवार को भी किसी बात को लेकर बेटों और बहुओं से कहासुनी हुई थी, जिसे ग्रामीणों ने शांत कराया था।
शनिवार सुबह काफी देर तक घर के अंदर कोई हलचल न होने पर परिजनों को शक हुआ। जब लोग अंदर पहुंचे तो बुजुर्ग दंपति बिस्तर पर मृत पड़े मिले। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है।
मृतक की बेटी कुमारी देवी ने अपने भाइयों और भाभियों पर माता-पिता को जहर देकर मारने का आरोप लगाया है और निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं एसपी सिटी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी।




