राजा श्री कृष्ण दत्त इंटर कॉलेज जौनपुर मां सरस्वती पूजन व सुंदरकांड पाठ के साथ नए सत्र का शुभारम्भ

Spread the love

राजा श्री कृष्ण दत्त इंटर कॉलेज जौनपुर

मां सरस्वती पूजन व सुंदरकांड पाठ के साथ नए सत्र का शुभारम्

जौनपुर शहर के मध्य स्थित प्राचीन एवं प्रतिष्ठित राजा श्री कृष्ण दत्त इंटर कॉलेज जौनपुर में नए शैक्षणिक सत्र का शुभारम्भ मां सरस्वती के पूजन एवं सुंदरकांड पाठ के साथ हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार द्वारा छात्रों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।

नए सत्र के प्रारंभ पर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने अपना अंकपत्र प्राप्त किया और अपने गुरुओं का आशीर्वाद लेकर प्रसन्नता व्यक्त की। वर्तमान समय में विद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया भी जोर-शोर से चल रही है।

विद्यालय में कक्षा 6 से 12 तक सह-शिक्षा की व्यवस्था उपलब्ध है। इंटरमीडिएट स्तर पर कला, विज्ञान एवं वाणिज्य वर्ग में अध्ययन की सुविधा प्रदान की जाती है। कला वर्ग में हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, भूगोल, नागरिक शास्त्र, अर्थशास्त्र, चित्रकला, मनोविज्ञान एवं संस्कृत विषयों की मान्यता है। वहीं विज्ञान वर्ग में गणित, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान एवं जीव विज्ञान तथा वाणिज्य वर्ग में लेखाशास्त्र एवं व्यवसाय अध्ययन की पढ़ाई कराई जाती है।

हाईस्कूल स्तर पर भी हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, चित्रकला, वाणिज्य, संस्कृत एवं गृह विज्ञान विषयों की शिक्षा अनुभवी एवं आयोग से चयनित शिक्षकों द्वारा दी जाती है। कक्षा 6 से 8 तक की शिक्षा पूर्णतः निःशुल्क है।

विद्यालय में स्वच्छ एवं अनुशासित वातावरण के साथ-साथ आधुनिक प्रयोगशालाएं, एनसीसी, स्काउट-गाइड एवं खेलकूद की समुचित व्यवस्था उपलब्ध है। साथ ही कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए मध्यान्ह भोजन तथा सभी छात्रों के लिए शुद्ध पेयजल की सुविधा भी सुनिश्चित की गई है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. संजय चौबे ने बताया कि विद्यालय में योग्य एवं अनुभवी शिक्षकों द्वारा प्रभावी ढंग से अध्यापन कराया जाता है, जिससे विद्यार्थी अनुशासन के साथ अपने उज्ज्वल भविष्य की नींव रख रहे हैं।

उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए विद्यालय में प्रवेश अवश्य सुनिश्चित कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *