पैसा न मिलने पर युवक पेड़ पर चढ़ा, पुलिस ने समझाकर उतारा
आजमगढ़ फरिहा–सरायमीर मार्ग पर शाम बकाया रुपये न मिलने से नाराज एक युवक पेड़ पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन करने लगा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी देर तक समझाने के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।युवक ने अपनी पहचान फरहान निवासी चकिया के रूप में बताई। उसने आरोप लगाया कि उसके दिवंगत मामू ने फरिहा निवासी तैय्यब को 1.75 लाख रुपये दिए थे। इनमें से 57 हजार रुपये ही वापस किए गए, जबकि शेष रकम अब तक नहीं लौटाई गई। कई बार मांग करने के बावजूद पैसा न मिलने से आहत होकर उसने यह कदम उठाया।
सूचना पर चौकी प्रभारी चित्रांशु मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने युवक को समझाकर सुरक्षित नीचे उतारा और संबंधित पक्ष से बातचीत कर मामले के समाधान का आश्वासन दिया।
थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि युवक पूरी तरह सुरक्षित है। मामले में दोनों पक्षों से बातचीत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।





