दिनदहाड़े पांच लाख के आभूषण चोरी, पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
मौत की सूचना पर घर बंद कर गया था परिवार, दो घंटे बाद लौटने पर टूटा मिला दरवाजा
पवई। नाटी गांव में शनिवार को दिनदहाड़े मकान का दरवाजा तोड़कर करीब पांच लाख रुपये के आभूषण और 10 हजार रुपये नकद चोरी होने की घटना ने पवई पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। माहुल-पवई मार्ग स्थित मकान में हुई वारदात के बाद ग्रामीणों में भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी है। परिवार का कहना है कि वह महज दो घंटे के लिए घर बंद कर बाहर गया था, इसी दौरान चोरी हो गई।

नाटी गांव निवासी उमाशंकर पुत्र झिन्नू के घर में शनिवार सुबह करीब 10 बजे ताला लगा था। गांव में पट्टीदार के यहां मौत की सूचना मिलने पर उमाशंकर समेत परिवार के सभी सदस्य वहां चले गए। करीब दो घंटे बाद लौटे तो मकान का दरवाजा टूटा मिला। अंदर सामान बिखरा था। बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखी कान की बालियां, पायजेब, मंगलसूत्र, नथिया, बिछिया समेत अन्य आभूषण और 10 हजार रुपये नकद गायब थे। परिजनों ने चोरी गए सामान की कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई।

दिनदहाड़े हुई चोरी की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। डायल 112 और पवई पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। हालांकि, आबादी वाले क्षेत्र और मुख्य मार्ग के किनारे मकान में दिनदहाड़े हुई वारदात ने पुलिस की गश्त और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि दिन में ही घर सुरक्षित नहीं हैं तो रात में सुरक्षा को लेकर स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।

थानाध्यक्ष पवई मनीष पाल ने बताया कि मामला जमीनी विवाद से भी जुड़ा है। चोरी का प्रकरण बनाया जा रहा है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।





