शनिदेव शक्तिपीठ पर ट्रस्ट को लेकर विवाद, दो पक्ष आमने-सामने; पुलिस ने संभाला मोर्चा
आजमगढ़ जिले के बिलरियागंज थाना क्षेत्र के दान शनिचरा गांव स्थित प्रसिद्ध शनिदेव शक्तिपीठ में शनिवार को मंदिर के स्वामित्व और ट्रस्ट गठन को लेकर विवाद खड़ा हो गया। मामले में दो पक्ष आमने-सामने आ गए, जिससे मंदिर परिसर में तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हस्तक्षेप कर हालात को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों को शांत कराया।

जानकारी के अनुसार मंदिर के स्वामित्व को लेकर विंध्याचल मिश्रा पक्ष ने मंदिर और उससे जुड़ी भूमि को निजी संपत्ति बताते हुए अपना दावा प्रस्तुत किया। वहीं ग्राम प्रधान और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने मंदिर को सार्वजनिक धार्मिक स्थल बताते हुए इसे गांव व श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा संस्थान बताया। इसी मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो बाद में विवाद का रूप ले गई।
मंदिर परिसर में बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि शनिदेव शक्तिपीठ क्षेत्र का प्रमुख धार्मिक केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिर के प्रबंधन और स्वामित्व को लेकर उठे विवाद ने क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों के दावों तथा उपलब्ध दस्तावेजों का परीक्षण किया जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मंदिर परिसर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।
प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने तक किसी भी पक्ष को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी और शांति व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।





