जौनपुर। रॉकेट लर्निंग टीम, जौनपुर द्वारा आज जिला स्तरीय समीक्षा बैठक का सफल आयोजन किया गया, जिसमें जनपद के सभी बाल विकास परियोजना अधिकारी (CDPO) एवं सुपरवाइजरों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी (DPO) महोदय की गरिमामयी उपस्थिति रही।

बैठक के दौरान जनपद में संचालित कार्यक्रम की वार्षिक प्रगति प्रस्तुत की गई। इसमें प्रशिक्षण, अभिभावक-आंगनवाड़ी बैठक (PAM) की प्रगति, तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों (AWW) के प्रदर्शन के आधार पर गोल्ड, सिल्वर एवं ब्रॉन्ज प्रमाणपत्र वितरण की जानकारी साझा की गई। रॉकेट लर्निंग टीम द्वारा आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों को प्रमाणपत्र भी वितरित किए गए, जिससे उनका उत्साहवर्धन हुआ।

इसके साथ ही जमीनी स्तर से प्राप्त फीडबैक एवं अनुभवों को भी साझा किया गया, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि कार्यक्रम के माध्यम से आंगनवाड़ी केंद्रों पर सीखने की गुणवत्ता एवं सहभागिता में सकारात्मक सुधार आया है। बैठक में सभी एक्टिवेशन मानकों को विस्तार से साझा किया गया तथा उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की गई।

रॉकेट लर्निंग टीम द्वारा नए ईसीसीई (ECCE) कैलेंडर को भी विस्तार से समझाया गया, जिससे आने वाले समय में गतिविधियों का बेहतर एवं सुनियोजित संचालन सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक के दौरान DPO महोदय द्वारा उठाए गए सभी प्रश्नों का टीम द्वारा विस्तार से उत्तर दिया गया। DPO महोदय ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि सभी संबंधित अधिकारी मिलकर जनपद के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर PAM को और अधिक प्रभावी ढंग से लागू करेंगे, पारदर्शिता बढ़ाएंगे तथा नए अपडेट्स के साथ निरंतर आगे बढ़ते रहेंगे। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि सुपरवाइजरों को भी प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएं, जिससे उनका मनोबल बढ़े।

इस अवसर पर रॉकेट लर्निंग की प्रोग्राम मैनेजर भी उपस्थित रहीं, जिन्होंने बैठक के दौरान महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया।रॉकेट लर्निंग टीम द्वारा जनपद में प्रारंभिक बाल शिक्षा को सशक्त बनाने हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे बच्चों के समग्र विकास को सुनिश्चित किया जा सके।




