आकाशीय बिजली की चपेट में आने से महिला की मौत, छह महिलाएं झुलसीं
धान के खेत में निराई कर रही थीं महिलाएं, दो की हालत गंभीर होने पर जौनपुर रेफर; चार को जिला अस्पताल भेजा गया
बरदह। स्थानीय थाना क्षेत्र के लसड़ा कला गांव के सिवान में गुरुवार को धान के खेत में निराई कर रही महिलाओं पर आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि छह महिलाएं झुलस गईं। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ठेकमा और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महुजा पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार लसड़ा कला गांव के सिवान में महिलाएं धान के खेत में निराई कर रही थीं। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। इसकी चपेट में आने से 40 वर्षीय नीतू देवी पत्नी हरिकांत राम, 40 वर्षीय गर्भवती अनीता देवी पत्नी संतोष, 35 वर्षीय रेनू देवी पत्नी राजकुमार, 50 वर्षीय राधिका देवी पत्नी शाहजू राम, 27 वर्षीय सरिता पुत्री जगदीश, 17 वर्षीय संजना पुत्री रामभुवन और 54 वर्षीय गीता देवी पत्नी फूलचंद्र झुलस गईं।

घटना के बाद नीतू, अनीता और रेनू को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महुजा ले जाया गया। चिकित्सकों ने नीतू देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि अनीता और रेनू की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल जौनपुर रेफर कर दिया गया। वहीं राधिका, सरिता, संजना और गीता को 108 एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ठेकमा लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने चारों को भी जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
नीतू देवी की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि नीतू के तीन पुत्र और एक पुत्री हैं। उनके पति मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
सूचना मिलने पर बरदह पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व्यापार प्रकोष्ठ शैलेंद्र सिंह गुड्डू भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतका के परिजनों को सांत्वना दी तथा घायलों का हाल जाना। बेहतर उपचार के लिए उन्होंने संबंधित प्रभारी चिकित्सक से भी वार्ता की।
आकाशीय बिजली की इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतका के परिजनों को नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाने तथा घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था कराने की मांग की है। थाना अध्यक्ष चंद्रदीप कुमार ने बताया कि पंचनामा बनाकर डेड बॉडी को पीएम के लिए भेज दिया गया।
परिजनों को सरकारी सहायता जो भी हो मुहैया कराया जाएगा।





