मा.विधान परिषद सदस्य एवं जिला सूचना अधिकारी ने दीपोत्सव के अवसर पर 02 एलईडी प्रचार वाहन को हरी झण्डी दिखाकर किया रवाना
शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सरकार की योजनाओं का संदेश पहुंचाएंगी एलईडी वैन- एमएलसी
दीपोत्सव के अवसर पर जन-जन तक पहुंचेगी सरकार की योजनाओं की जानकारी- विजय बहादुर पाठक
आजमगढ़, दीपोत्सव-2026 के अवसर पर केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर आम जनमानस को योजनाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से हरिऔध कला केन्द्र, आजमगढ़ के प्रांगण से मा0 विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक एवं जिला सूचना अधिकारी डॉ0 पंकज कुमार द्वारा सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा जनपद के लिए प्रेषित 02 एलईडी प्रचार वाहन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया।
इस अवसर पर मा. विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक ने कहा कि सरकार द्वारा समाज के सभी वर्गों के कल्याण एवं उत्थान के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए उनका व्यापक प्रचार-प्रसार आवश्यक है। एलईडी वैन के माध्यम से जनपद के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी सरल एवं प्रभावी तरीके से उपलब्ध हो सकेगी।
जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार ने बताया कि सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा दीपोत्सव-2026 के अवसर पर जनपद आजमगढ़ में प्रचार-प्रसार के लिए दो एलईडी वैन उपलब्ध कराई गई हैं। ये प्रचार वाहन जनपद के विभिन्न शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख बाजारों, चौराहों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर केन्द्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रचार सामग्री एवं वीडियो संदेशों का प्रसारण करेंगे। इसके माध्यम से आम जनमानस को विभिन्न योजनाओं, उनके उद्देश्यों एवं पात्रता के संबंध में जानकारी प्राप्त होगी तथा पात्र व्यक्ति योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित होंगे। उन्होंने कहा कि एलईडी वैन के माध्यम से योजनाओं का प्रचार-प्रसार जनसामान्य तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में सहायता मिलेगी। साथ ही, ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को भी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध हो सकेगी।
इस अवसर पर डीडी दिव्यांगजन, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी शांत प्रकाश श्रीवास्तव, जिला युवा कल्याण अधिकारी सुल्तान सिंह, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी दीपक मिश्रा सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





