आजमगढ़ | गो-धन संकल्प से बढ़ेगी ग्रामीणों की आय
आजमगढ़ के अस्थाई गौशाला रानीपुर रजमो में आयोजित गो-धन संकल्प कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एमएलसी विजय बहादुर पाठक और पूर्व मंत्री कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को एक करोड़ रुपये का चेक प्रदान किया। इस दौरान ग्राम प्रधानों को वर्मी कम्पोस्ट भी वितरित किया गया। अधिकारियों का दावा है कि इस योजना से महिलाओं, गोशालाओं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को करोड़ों रुपये का लाभ मिलेगा।
मोहम्मदपुर ब्लॉक क्षेत्र स्थित अस्थाई गौशाला रानीपुर रजमो में आयोजित गो-धन संकल्प कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि एमएलसी विजय बहादुर पाठक और पूर्व मंत्री कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को एक करोड़ रुपये का चेक प्रदान किया तथा ग्राम प्रधानों को वर्मी कम्पोस्ट वितरित किया। मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में जनपद में 27 लाख 13 हजार 713 पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके लिए 27 लाख 13 हजार 713 किलो वर्मी कम्पोस्ट तैयार किया जाएगा। वर्मी कम्पोस्ट का उत्पादन स्वयं सहायता समूहों द्वारा किया जाएगा और इसके लिए गोशालाओं से गोबर खरीदा जाएगा। इस योजना से स्वयं सहायता समूहों को लगभग 2 करोड़ 73 लाख रुपये की अतिरिक्त आय होगी, जबकि गोशालाओं को गोबर बिक्री से करीब 32 लाख 30 हजार रुपये का लाभ मिलेगा। योजना से हजारों ग्रामीण महिलाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे, गोशालाओं की आय बढ़ेगी और वृक्षारोपण अभियान में जैविक खाद के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा। प्रशासन ने इसे महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया है





