आजमगढ़ में अवैध पटाखों का जखीरा बरामद, मुबारकपुर में किराये के मकान से 323 किलो पटाखे बरामद
– बरामद पटाखों की कीमत करीब दो लाख रुपये
– अलग-अलग कंपनियों के 11 प्रकार के पटाखे मिले
– आरोपी गुलाब गुप्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज
– गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें गठित
आजमगढ़ में त्योहारों से पहले अवैध पटाखों के भंडारण के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के पुरारानी मोहल्ले में एक किराये के मकान से पुलिस ने करीब दो लाख रुपये कीमत के 323 किलोग्राम पटाखे बरामद किए हैं। मकान के एक कमरे में अलग-अलग कंपनियों और ब्रांड के पटाखे रखे गए थे। इस मामले में गुलाब गुप्ता के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने दो टीमें गठित की हैं।
आजमगढ़ के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के पुरारानी मोहल्ले में पुलिस ने अवैध पटाखों के भंडारण का खुलासा किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक किराये के मकान में अवैध रूप से पटाखे रखे गए हैं। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक शशीचन्द चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली। इस दौरान एक कमरे से कुल 323 किलोग्राम पटाखे बरामद हुए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है। बरामद पटाखों में फूलझड़ी, मिर्ची बम, रॉकेट, चकरी और अनार समेत 11 प्रकार के पटाखे शामिल हैं। पुलिस ने गुलाब गुप्ता के खिलाफ मुबारकपुर थाने में मुकदमा संख्या 381/2026, धारा 5/9बी विस्फोटक अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमें लगाई गई हैं।





