विश्व रक्तदाता दिवस पर डीएम ने किया रक्तदाता भवन का लोकार्पण, रक्तदाताओं को किया सम्मानित
विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर आजमगढ़ मंडलीय जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक में नवनिर्मित रक्तदाता भवन का लोकार्पण जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने किया। इस मौके पर रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विभिन्न संस्थाओं एवं स्वैच्छिक रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने रक्तदान को महादान बताते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ननकू राम, एसआईसी डॉ. सतीश कनौजिया, ब्लड बैंक प्रभारी अनिल मौर्य, ब्लड लैब टेक्नीशियन सुभाष पांडे सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में रक्तदाता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान रक्तदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया तथा लोगों को मानव सेवा के इस पुनीत कार्य से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।





