सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान के 12 वर्ष : केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से आमजन के जीवन में आया सकारात्मक बदलाव

Spread the love

सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान के 12 वर्ष : केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से आमजन के जीवन में आया सकारात्मक बदलाव

प्रभारी मंत्री अनिल राजभर ने मीडिया संवाद के माध्यम से साझा की सरकार की उपलब्धियां

विश्वास, विकास और जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने पर प्रभारी मंत्री ने मीडिया संवाद कर उपलब्धियां को किया रेखांकित*

आजमगढ़,।मा० प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी एवं मा० मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों एवं कार्यक्रमों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से “समेकित जन कल्याण एवं जन जागरूकता अभियान” का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत “सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान” विषयक कार्यक्रमों के माध्यम से बीते 12 वर्षों में देश एवं प्रदेश में हुए व्यापक विकास कार्यों तथा आमजन के जीवन में आए सकारात्मक परिवर्तनों को प्रदर्शित किया जा रहा है।

इसी क्रम में शनिवार को भाजपा जिला कार्यालय, आजमगढ़ में प्रभारी मंत्री/मंत्री, श्रम एवं सेवायोजन समन्वय विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार श्री अनिल राजभर द्वारा सम्मानित प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों के साथ संवाद स्थापित किया गया। इस अवसर पर उन्होंने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न उपलब्धियों, जनहितकारी योजनाओं तथा विकास संबंधी पहलों की विस्तृत जानकारी साझा की।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि विगत 12 वर्षों का कालखंड देश के नवनिर्माण, आर्थिक सुदृढ़ीकरण, वैश्विक प्रतिष्ठा में वृद्धि तथा अंत्योदय के संकल्प को समर्पित रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत ने “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों का केंद्रबिंदु समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना रहा है, जिसके परिणामस्वरूप गरीब, किसान, महिला, युवा एवं वंचित वर्ग के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, हर घर जल, स्वच्छ भारत मिशन, डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, मुख्यमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना सहित अनेक योजनाओं ने जनसामान्य के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है। प्रदेश सरकार ने कानून-व्यवस्था, आधारभूत संरचना, निवेश, रोजगार सृजन तथा सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित की हैं।

मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश की विकास यात्रा में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। प्रदेश में एक्सप्रेस-वे, मेडिकल कॉलेज, एयरपोर्ट, औद्योगिक विकास, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के माध्यम से विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाकर समावेशी विकास को सुनिश्चित करना है।

मीडिया संवाद के दौरान पत्रकारों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का उत्तर देते हुए मा० मंत्री ने सरकार की उपलब्धियों, भावी योजनाओं एवं विकास कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला तथा लोकतंत्र में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की।

इस अवसर पर पूर्व सांसद दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’, भाजपा जिलाध्यक्ष आजमगढ़ ध्रुव सिंह, लालगंज विनोद राजभर सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *