आजमगढ़ सपा के वरिष्ठ विधायक आलम बदी का निधन,सादगी और ईमानदार राजनीति का एक युग हुआ समाप्त

Spread the love

आजमगढ़ सपा के वरिष्ठ विधायक आलम बदी का निधन,सादगी और ईमानदार राजनीति का एक युग हुआ समाप्त

आजमगढ़। जिले में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और निजामाबाद विधानसभा क्षेत्र से विधायक आलमबदी जी का आज लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे जिले के साथ-साथ प्रदेश की राजनीतिक गलियारों में भी शोक की लहर दौड़ गई। वह करीब 92 वर्ष के थे और लंबे समय से सक्रिय राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाए हुए थे।

 

आलमबदी उत्तर प्रदेश विधानसभा के सबसे वरिष्ठ विधायकों में गिने जाते थे। उन्होंने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में पांच बार विधायक के रूप में जनता का प्रतिनिधित्व किया। उनकी पहचान एक ऐसे जनप्रतिनिधि के रूप में थी, जिन्होंने राजनीति को सेवा का माध्यम माना और जीवनभर सादगी, ईमानदारी तथा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।

 

आज के दौर में जहां राजनीति में दिखावा और संसाधनों की होड़ देखने को मिलती है, वहीं आलम बदी अपनी सादगी के कारण अलग पहचान रखते थे। विधायक होने के बावजूद वह अक्सर स्कूटर से विधानसभा पहुंचते थे। उनके जीवन का यही सरल स्वभाव लोगों को उनसे जोड़ता था। उन्होंने कभी पद या सत्ता का प्रदर्शन नहीं किया और हमेशा आम लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याओं को सुनने और समाधान कराने का प्रयास किया।

 

राजनीतिक विरोधी भी उनके व्यवहार, ईमानदारी और साफ-सुथरी छवि की सराहना करते थे। उन्होंने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में ऐसी मिसाल पेश की, जिसे आज भी राजनीतिक शुचिता और नैतिकता के उदाहरण के रूप में याद किया जाता है।

 

उनके निधन की सूचना मिलते ही समाजवादी पार्टी के नेताओं, के साथ साथ दूसरे राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और बड़ी संख्या में समर्थकों ने गहरा शोक व्यक्त किया। सभी ने उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि आलम बदी का जाना केवल समाजवादी पार्टी ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है।

 

आलम बदी अपने पीछे सादगी, जनसेवा और ईमानदार राजनीति की ऐसी विरासत छोड़ गए हैं, जो आने वाली पीढ़ियों के जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी। उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा और प्रदेश की राजनीति में उनका नाम सम्मान के साथ लिया जाता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *