अज्ञात ट्रक की टक्कर से ऑटो चालक समेत दो घायल, हायर सेंटर रेफ
लालगंज (आजमगढ़)। देवगांव कोतवाली क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-233 पर बेसों नदी पुल से कुछ ही दूरी पर स्थित एक रेस्टोरेंट के समीप सोमवार भोर हुए सड़क हादसे में ऑटो चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया गया कि वाराणसी से गोसाई की बाजार के धन्नीपुर सवारी लेकर जा रहे ऑटो को पीछे से आए एक अज्ञात ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा घायलों को उपचार के लिए संयुक्त सौ शैय्या चिकित्सालय लालगंज पहुंचाया गया।
घायलों की पहचान ऑटो चालक आशीष चौहान (24) पुत्र मूलचंद चौहान निवासी पंचकोसी आशापुर, वाराणसी तथा राजेश गुप्ता (45) पुत्र रामसुख निवासी धन्नीपुर, थाना मेहनगर आजमगढ़ के रूप में हुई। चिकित्सकों ने दोनों की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
हादसे के बाद कुछ देर के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त ऑटो को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। देवगांव पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार ट्रक चालक की तलाश कर रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे की वजह मानी जा रही है।





