दोस्त की मदद करने पहुंचा युवक नहीं लौटा घर, आजमगढ़ की घटना ने सबको झकझोरा

Spread the love

दोस्त की मदद करने पहुंचा युवक नहीं लौटा घर, आजमगढ़ की घटना ने सबको झकझोरा

आजमगढ़ दोस्त की बहन की शादी में शामिल होने गए युवकों पर अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। घटना में एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, थाना तरवां क्षेत्र के किशुनदासपुर निवासी अगस्त त्रिपाठी के यहां से बारात मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के डडवल गांव आई थी। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण लहुआ कला नसीरपुर निवासी युवती का विवाह उसके नाना लालजी दुबे के घर से कराया जा रहा था। युवती के भाई गौरव पाण्डेय ने अपने मित्र आनंद राजभर निवासी सराय, थाना देवगांव को शादी में आमंत्रित किया था।

बताया जाता है कि भोजन के दौरान आनंद राजभर का कुछ लोगों से विवाद हो गया। विवाद के बाद उसने सुरक्षित घर लौटने के लिए अपने गांव के कुछ साथियों को बुला लिया। इसी दौरान देवगांव कोतवाली क्षेत्र के सराय गांव निवासी प्रीतेश राजभर (20) पुत्र स्व. सुनील राजभर तथा ओटू राजभर (26) पुत्र जमुना राजभर भी मौके पर पहुंचे।

आरोप है कि जैसे ही युवक गांव में पहुंचे, पहले से घात लगाए अज्ञात लोगों ने उन पर हमला कर दिया। हमले में प्रीतेश और ओटू गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पहले मेहनाजपुर और फिर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्रीतेश की हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। एक निजी अस्पताल से जवाब मिलने के बाद उसे दूसरे हायर सेंटर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।

प्रीतेश के पिता सुनील राजभर का पहले ही निधन हो चुका था। परिवार में वह अपनी मां का इकलौता पुत्र था, जबकि उसकी दो छोटी बहनें हैं। बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और घर में मातम पसरा हुआ है।

वहीं घायल ओटू राजभर का संयुक्त चिकित्सालय लालगंज में उपचार चल रहा है। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और मेहनाजपुर थाने पहुंच गए। पुलिस ने परिजनों को समझाकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *