भाजपा आजमगढ़ में जीरो पर बोल्ड हो जाएगी : अविनाश कुशवाहा

Spread the love

आजमगढ़ /भाजपा आजमगढ़ में जीरो पर बोल्ड हो जाएगी : अविनाश कुशवाहा

आजमगढ़। समाजवादी पार्टी कार्यालय में गुरुवार को विश्वकर्मा जयंती पर भगवान विश्वकर्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। इसके बाद आयोजित प्रेसवार्ता में सपा के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि योगी सरकार हर मोर्चे पर विफल है। प्रदेश में हत्या, लूट, छिनैती, जमीनों पर कब्जे, महंगाई और बेरोजगारी की समस्याओं से जनता परेशान है।

अविनाश कुशवाहा ने आरोप लगाया कि पिछड़े, दलित और मुस्लिम वर्ग के लोगों के साथ अत्याचार की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने अयोध्या में रामलगन मौर्य व उनकी मां की हत्या, गोंडा में विनोद साहनी और गोरखपुर में राजकुमार चौहान की हत्या का जिक्र करते हुए प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाया।

उन्होंने कहा कि सरकार में एक जाति विशेष को ही नौकरी मिलने का आरोप लगाते हुए पिछड़े और दलित वर्ग के आरक्षण कोटे पर भी सवाल उठाए। महंगाई और बेरोजगारी को लेकर भी उन्होंने सरकार को घेरा।

आजमगढ़ दौरे के दौरान उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के भाजपा के यहां सिक्सर लगाने संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अविनाश कुशवाहा ने कहा कि भाजपा आजमगढ़ में जीरो पर बोल्ड हो जाएगी। केशव प्रसाद मौर्य के मुख्यमंत्री बनने की चर्चा पर उन्होंने कहा कि वह मुंगेरीलाल के सपने देख रहे हैं। भाजपा उन्हें मुख्यमंत्री नहीं बनाएगी। उन्होंने कहा कि उन्हें केवल अखिलेश यादव की पीडीए विचारधारा पर हमला करने के लिए अधिकृत किया गया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में कोईरी, कुशवाहा, सैनी और शाक्य समाज का भला नहीं होने वाला है। पहले केशव प्रसाद मौर्य अपनी हारी हुई सीट जीतकर दिखाएं। उन्होंने भाजपा में पिछड़े वर्ग के नेताओं पर भी टिप्पणी की।

अविनाश कुशवाहा ने कहा कि भाजपा से किसान, नौजवान और छात्र निराश हैं। उन्होंने कहा कि जनता अब सरकार के कामकाज का हिसाब मांग रही है।

इस अवसर पर सपा जिला अध्यक्ष हवलदार यादव की संस्तुति पर अंबेडकर वाहिनी के जिला अध्यक्ष संतोष कुमार गौतम ने मातनपुर निवासी कालीचरण को जिला उपाध्यक्ष तथा बछवल निवासी अमरजीत सरोज को मेंहनगर विधानसभा अध्यक्ष मनोनीत किया।

इस दौरान पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सचिव अजीत कुमार राव, इंजीनियर सुनील कुमार यादव, जिला प्रवक्ता पप्पू कुमार यादव, छात्र सभा जिलाध्यक्ष कुणाल मौर्य, मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड अध्यक्ष जोरार खान और अधिवक्ता रामजीत यादव आदिल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *