आजमगढ़ : मिशन शक्ति के तहत कक्षा 11 की छात्रा खुशी सिंह बनीं एक दिन की जिलाधिकारी, फरियादियों की सुनीं समस्याएं
आजमगढ उत्तर प्रदेश में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर मिशन शक्ति अभियान चलाया जा रहा है। शारदीय नवरात्रि 2026 के तहत आजमगढ़ में कक्षा 11 की छात्रा खुशी सिंह को एक दिन का जिलाधिकारी बनाया गया। इस दौरान खुशी सिंह ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। भविष्य में आईएएस अधिकारी बनने का सपना देख रहीं खुशी सिंह ने इस अवसर के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।
एक दिन की जिलाधिकारी बनने पर खुशी सिंह ने कहा कि इस अनुभव से उन्हें जिलाधिकारी के कार्यों, दायित्वों और भूमिका को समझने का अवसर मिला है। इससे उनका आत्मविश्वास भी बढ़ा है। उन्होंने कहा कि अब वह और अधिक मेहनत व लगन से पढ़ाई करेंगी, ताकि भविष्य में आईएएस अधिकारी बनने के अपने सपने को साकार कर सकें। खुशी सिंह ने मिशन शक्ति अभियान की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं और बालिकाओं का सशक्तीकरण समाज की दिशा और दशा निर्धारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।





