वन स्टॉप सेंटर के बाथरूम में किशोरी ने फांसी लगाकर दी जान
रिपोर्ट राहुल सिंह। आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र स्थित वन स्टॉप सेंटर में मंगलवार सुबह एक किशोरी ने बाथरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतका दीदारगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली थी। उसका एक युवक से प्रेम-प्रसंग था और दोनों कुछ दिन पहले घर छोड़कर चले गए थे। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने दोनों को बरामद कर थाने लाकर काउंसिलिंग कराई थी।
बताया गया कि काउंसिलिंग के बाद भी किशोरी के परिजनों ने उसे अपने साथ ले जाने से इनकार कर दिया। इसके बाद नियमानुसार उसे वन स्टॉप सेंटर में रखा गया था। मंगलवार सुबह उसने सेंटर के बाथरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार व जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





