आजमगढ़,जिला महिला अस्पताल से निकली भव्य तिरंगा यात्रा, गूंजे देशभक्ति के जयकारे
बलरामपुर। हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत गुरुवार को जिला महिला चिकित्सालय परिसर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का नेतृत्व अपर निदेशक, आजमगढ़ मंडल डॉ. विजय कुमार सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनआर वर्मा और जिला महिला चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. विनय सिंह यादव ने किया। हाथों में तिरंगा लेकर चिकित्सकों, नर्सिंग छात्राओं, पैरामेडिकल स्टाफ और स्वास्थ्यकर्मियों ने राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।

तिरंगा यात्रा चिकित्सालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए पुन: जिला महिला चिकित्सालय परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान भारत माता की जय, जय जवान-जय किसान, अमर शहीद अमर रहें और वंदे मातरम् के जयघोष से पूरा वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत हो गया। एएनएमटीसी की नर्सिंग छात्राओं और स्वास्थ्यकर्मियों ने उत्साहपूर्वक नारे लगाए।
यात्रा में डॉ. अशोक पटेल, डॉ. ज्योत्सना द्विवेदी, डॉ. श्रेष्ठा अग्रवाल, मैट्रेन दुर्गा देवी, स्मिता राय, शकुंतला यादव, एएनएमटीसी की प्रधानाचार्य प्रियंका यादव सहित अन्य चिकित्सक और कर्मचारी शामिल रहे।
अपर निदेशक डॉ. विजय कुमार सिंह ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और गौरव के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त करने का अवसर है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की सहभागिता से समाज में राष्ट्रप्रेम और जिम्मेदार नागरिकता की भावना मजबूत होती है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनआर वर्मा ने कहा कि तिरंगा देश के स्वाभिमान, स्वतंत्रता और वीर सपूतों के बलिदान का प्रतीक है। यह अभियान राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति अपने दायित्व का स्मरण कराता है। उन्होंने जनपदवासियों से अभियान में उत्साहपूर्वक सहभागिता की अपील की।
अस्पताल के अधीक्षक डॉ. विनय सिंह यादव ने सभी प्रतिभागियों का आभार जताते हुए कहा कि चिकित्सकों, नर्सिंग छात्राओं, पैरामेडिकल स्टाफ और कर्मचारियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने यात्रा को विशेष बना दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सभी के भीतर राष्ट्रप्रेम, एकता और कर्तव्यबोध की भावना को मजबूत करते हैं।
यात्रा के समापन पर सभी ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया। इस दौरान पूरे परिसर में उत्साह, अनुशासन और देशभक्ति का माहौल रहा।





