भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, सपा पर जमकर साधा निशाना
2027 में आजमगढ़ की सभी सीटों पर कमल खिलाने का किया दावा, अखिलेश यादव पर कसा तंज
आजमगढ़। केंद्र सरकार में वित्त राज्य मंत्री एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी गुरुवार को आजमगढ़ पहुंचे। उन्होंने दुर्वासा धाम स्थित दुर्वासा ऋषि मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन किया। इसके बाद भाजपा के प्रदेश महामंत्री सहजानंद राय के पिता स्व. आद्या प्रसाद राय की पांचवीं पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचकर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
दुर्वासा मंदिर परिसर में भाजपा की ओर से आयोजित मंडल प्रवास कार्यक्रम के तहत मंडल कार्यसमिति और शक्ति केंद्र की बैठक में भी प्रदेश अध्यक्ष ने हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक और मजबूत करने का आह्वान किया।
मीडिया से बातचीत में पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी और 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा बूथ लेवल पर काम करने वाली पार्टी है। भाजपा का कार्यकर्ता 365 दिन जनता के बीच रहकर उनकी सेवा करता है। ऐसे में भाजपा को चुनाव के लिए अलग से तैयारी करने की जरूरत नहीं है, पार्टी हमेशा चुनाव के लिए तैयार रहती है।
उन्होंने सपा की चुनावी तैयारियों पर तंज कसते हुए कहा कि “अखिलेश जी एसी से बाहर तो निकले हैं अब।” उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में आजमगढ़ में भाजपा का कमल खिलेगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जुड़ी एआई वीडियो को लेकर पूछे गए सवाल पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने इसे सपा और अखिलेश यादव की हताशा का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की राजनीति से जनता को गुमराह नहीं किया जा सकता।
पंकज चौधरी ने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया और संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत बनाने पर जोर दिया
इस दौरान मा देवरती शिक्षण संस्थान के डायरेक्टर राजमणि यादव भाजपा के पूर्व जिला जिला अध्यक्ष प्रेम प्रकाश राय कृष्ण पाल सूरज श्रीवास्तव मनीष तिवारी, नीरज सिंह मां शारदा शिक्षण संस्थान के प्रबंधक फौजदार सिंह भाजपा पूर्व जिला उपाध्यक्ष अजय सिंह श्रम विभाग अनिल सिंह घोसी चीनी मिल के उपसभापति रजनीश राय कई जनपदों के विधायक और भारतीय जनता पार्टी इकाई आजमगढ़ सहित क्षेत्र के हजारों लोग मौजूद रहे





