यात्री सुविधा दिवस के अवसर पर अयोध्या एयरपोर्ट पर मीडिया प्रेसवार्ता आयोजित किया गया

Spread the love

अयोध्या /धर्मेंद्र सिंह :- यात्री सुविधा दिवस के अवसर पर अयोध्या एयरपोर्ट पर मीडिया प्रेसवार्ता आयोजित किया गया

महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, अयोध्या धाम पर 15 जून 2026 को आयोजित होने वाले यात्री सुविधा दिवस के उपलक्ष्य में आज एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

इस अवसर पर एयरपोर्ट निदेशक श्री धीरेंद्र सिंह ने बताया कि भारत के नागरिक उड्डयन क्षेत्र ने पिछले 12 वर्षों में अभूतपूर्व प्रगति की है।

देश में हवाई अड्डों की संख्या, हवाई संपर्क, यात्री सुविधाओं और तकनीकी नवाचारों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

उन्होंने कहा कि अयोध्या एयरपोर्ट ने भी अपने दो वर्षों के संचालन के दौरान यात्री सुविधाओं, परिचालन उत्कृष्टता, सुरक्षा, स्वच्छता एवं ग्राहक संतुष्टि के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं।

श्री सिंह ने बताया कि 15 जून को आयोजित होने वाला “यात्री सुविधा दिवस” यात्रियों, एयरपोर्ट कर्मचारियों एवं विभिन्न हितधारकों के लिए विशेष रूप से समर्पित रहेगा। इस अवसर पर यात्रियों का तिलक लगाकर स्वागत किया जाएगा तथा यात्रियों, CISF, AAI एवं एयरलाइन कर्मचारियों द्वारा वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया जाएगा।

कार्यक्रम के अंतर्गत वृक्षारोपण अभियान, स्वास्थ्य जांच शिविर, सेल्फी प्वाइंट, लोकनृत्य प्रदर्शन, पेंटिंग, क्विज एवं ड्रॉइंग प्रतियोगिताएं, विद्यार्थियों के लिए करियर काउंसलिंग सत्र, प्लास्टिक मुक्त वातावरण एवं एयरपोर्ट सुरक्षा विषयक नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त एयरपोर्ट के हाउसकीपिंग स्टाफ, महिला कर्मचारियों, मीडिया प्रतिनिधियों तथा अन्य सहयोगी कर्मियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।

यात्रियों को निःशुल्क पौधों का वितरण भी किया जाएगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता को बढ़ावा मिल सके। कार्यक्रम का उद्देश्य यात्री अनुभव को और बेहतर बनाना, जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना तथा समाज के विभिन्न वर्गों को नागरिक उड्डयन क्षेत्र से जोड़ना है।

मीडिया प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम के संबंध में अपने सुझाव साझा किए तथा यात्री सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के प्रयासों की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *