आजमगढ़ में 13 परीक्षा केंद्रों पर उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आज से तीन दिवसीय यूपी होमगार्ड भर्ती परीक्षा का आयोजन किया गया है। आज प्रथम दिन प्रथम पाली की परीक्षा देने के लिए पहुंचे परीक्षार्थियों की जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर सघन चेकिंग के बाद इन्हें प्रवेश की अनुमति दी गई। जहां सभी परीक्षा केंद्रों पर होमगार्ड भर्ती परीक्षा देने पहुंचे परीक्षार्थियों की भारी भीड़ लगी रही, उस दौरान प्रवेश पत्र, पेन और आधार कार्ड के अलावा किसी अन्य सामग्री को ले जाने की अनुमति नहीं दी गई।
आजमगढ़ जिले में आज प्रथम पाली की परीक्षा में 5808 परीक्षार्थी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सीसीटीवी कैमरे के निगरानी में 13 परीक्षा केंद्रों पर होमगार्ड की परीक्षा दे रहे हैं। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराए जाने के लिए 13 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 13 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, आधा दर्जन से अधिक सीओ, हर परीक्षा केंद्र पर तीन इंस्पेक्टर व उपनिरीक्षक, कांस्टेबल सहित महिला पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है। जिले में होमगार्ड परीक्षा को लेकर धारा 163 भी लागू है जिसके चलते परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में फोटोकॉपी और कॉपी किताबों की दुकान भी बंद है। इस तीन दिवसीय आज से 27 अप्रैल तक आज़मगढ़ जिले के 13 परीक्षा केंद्रों पर 3 दिन के अंदर 6 पालियों में परीक्षा होगी, जिसमें 34848 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।




