एसकेडी विद्या मंदिर में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित

Spread the love

एसकेडी विद्या मंदिर में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित

छात्र अपनाये अनुशासित जीवन शैली :दीनानाथ जी

जहानागंज आजमगढ़  एसकेडी विद्या मंदिर, धनहुआं, आजमगढ़ में सोमवार को हिन्दी दिवस के अवसर पर “युवा संवाद” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विभाग प्रचारक श्री दीनानाथ जी रहे। उन्होंने विद्यार्थियों से सीधे संवाद करते हुए जीवन में अनुशासन, मोबाइल के संतुलित उपयोग, स्वस्थ खानपान और राष्ट्र सेवा के महत्व पर विस्तार से मार्गदर्शन किया।

श्री दीनानाथ जी ने विद्यार्थियों से उनकी दैनिक दिनचर्या के विषय में चर्चा करते हुए अनुशासित जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि नियमित और सुव्यवस्थित दिनचर्या विद्यार्थी जीवन में सफलता की मजबूत नींव तैयार करती है। उन्होंने मोबाइल फोन के अत्यधिक एवं अनुचित उपयोग से होने वाले शारीरिक, मानसिक और शैक्षिक दुष्प्रभावों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक किया। साथ ही शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए संतुलित और सात्विक खानपान को जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाने पर जोर दिया।

राष्ट्र सेवा के विषय पर विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा, “देश के लिए बलिदान देने वाले श्रेष्ठ होते हैं, परंतु उससे भी ज्यादा श्रेष्ठ जिंदा रहकर देश की सेवा करने वाले होते हैं।” उन्होंने युवाओं से अपने ज्ञान, चरित्र और कर्म के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर प्रश्न भी पूछे, जिनका श्री दीनानाथ जी ने सहज और संतोषजनक ढंग से उत्तर दिया। संवादात्मक कार्यक्रम को लेकर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम विद्यालय के चेयरमैन श्री विजय बहादुर सिंह जी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस अवसर पर जिला प्रचारक श्री रमाकांत जी, सह-विभाग कार्यवाह श्री रवि सिंह जी, प्रधानाचार्य श्री के. के. शरण जी, उप प्रधानाचार्य श्री योगेश अस्थाना जी, व्यवस्थापक श्री श्रीकांत जी सहित विद्यालय के समस्त अध्यापक-अध्यापिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *