आजमगढ़ में सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा नकल माफिया मंच पर कार्रवाई क्यों नहीं

Spread the love

आजमगढ़: समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव ने रविवार को आजमगढ़ स्थित पीडीए भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में केंद्र और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि केंद्र की 12 वर्ष और उत्तर प्रदेश की साढ़े नौ वर्ष की भाजपा सरकार से जनता त्रस्त हो चुकी है। रोजगार, शिक्षा, किसानों और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2014 में हर साल दो करोड़ रोजगार देने का वादा किया गया था, लेकिन युवाओं को रोजगार नहीं मिला। दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुई कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि सरकार मुकदमे वापस लेने के वादे से भी पीछे हट रही है। उन्होंने शिक्षा मंत्री पर कार्रवाई में देरी को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि इससे छात्रों का नुकसान हुआ है।

धर्मेंद्र यादव ने जल जीवन मिशन में बड़े घोटाले का आरोप लगाते हुए कहा कि निष्पक्ष जांच होने पर यह देश का सबसे बड़ा घोटाला साबित होगा। उन्होंने एक्सप्रेसवे निर्माण में भी अनियमितताओं और कमीशनखोरी का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि प्रदेश में भ्रष्ट लोगों पर कार्रवाई नहीं हो रही है।

सांसद ने कहा कि किसान और नौजवान सरकार से परेशान हैं। बुलडोजर कार्रवाई पर तंज कसते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार चुनिंदा लोगों पर ही कार्रवाई करती है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश का सबसे बड़ा नकल माफिया मुख्यमंत्री के मंच पर दिखाई देता है, लेकिन उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती।गृह मंत्री पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली में छात्रों के साथ हुई घटनाओं पर संसद में जवाब देने से बचा जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी हर पीड़ित के साथ खड़ी रहेगी और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता से भाजपा सरकार को हटाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *