जर्जर बारजा गिरने से महिला-युवक गंभीर रूप से घायल
खेतासराय जौनपुर : कस्बे के पुरानी बाजार रोड स्थित गोलाबाजार मोड़ के सामने शुक्रवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। घर का जर्जर बारजा अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिससे कूड़ा फेंकने आई महिला तथा नीचे बैठा एक युवक गम्भीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों व स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उनका उपचार चल रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कस्बा निवासी निशा पत्नी जितेन्द्र पटवा, 35 वर्ष, शुक्रवार की सुबह रोज की तरह घर का कूड़ा फेंकने के लिए बारजे पर पहुँची थीं। बताया जाता है कि जैसे ही वह बारजे पर खड़ी हुईं, पुराना व जर्जर बारजा अचानक टूटकर नीचे गिर पड़ा। उसी समय मकान के नीचे विष्णु सेठ पुत्र दुर्गा सेठ, 22 वर्ष, बैठे हुए थे। बारजा गिरने से महिला सीधे नीचे आ गिरी और उसकी चपेट में आने से विष्णु सेठ भी गम्भीर रूप से घायल हो गए। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुँच गए। स्थानीय लोगों और परिजनों ने मलबे के बीच से दोनों घायलों को बाहर निकाला तथा आनन-फानन में कस्बे के एक निजी अस्पताल पहुँचाया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कस्बे में कई पुराने और जर्जर मकान हैं, जिनकी समय रहते मरम्मत नहीं कराई जाती, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने प्रशासन से जर्जर भवनों की जाँच कर आवश्यक कार्यवाही की माँग की है।





