आजमगढ़ : मंगई नदी का बढ़ा जलस्तर, मेहनगर के कई गांव बाढ़ की चपेट में

Spread the love

आजमगढ़ : मंगई नदी का बढ़ा जलस्तर, मेहनगर के कई गांव बाढ़ की चपेट में

फिनिहिनी गांव में घरों तक पहुंचा बाढ़ का पानी, 15 दिनों से ग्रामीण परेशान; नाव और मेडिकल टीम की मांग

आजमगढ़। मेहनगर तहसील क्षेत्र में मंगई नदी का जलस्तर बढ़ने से कई गांवों में बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है। फिनिहिनी गांव में बाढ़ का पानी लोगों के घरों तक पहुंच गया है। ग्रामीणों के मुताबिक करीब 15 दिनों से गांव में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है और लगातार जलस्तर बढ़ने से उनकी मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं।

कई मकान बाढ़ के पानी से चारों तरफ से घिर गए हैं, जिससे ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो गया है। घरों में पानी पहुंचने के कारण लोगों को रोजमर्रा के कामों के लिए भी परेशानी उठानी पड़ रही है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी ग्रामीण चिंतित हैं।

बाढ़ के पानी से खेत जलमग्न होने के कारण फसलों को भी नुकसान पहुंच रहा है। लंबे समय से खेतों में पानी भरा होने से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान की आशंका है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से जलमग्न इलाकों में तत्काल नाव की व्यवस्था कराने के साथ ही स्वास्थ्य विभाग की टीम भेजने की मांग की है। उनका कहना है कि बाढ़ प्रभावित लोगों की स्वास्थ्य जांच कर जरूरी दवाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि किसी तरह की बीमारी फैलने की स्थिति से समय रहते निपटा जा सके। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल राहत एवं बचाव व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *