आजमगढ़ में महिला ने दो बच्चों के साथ ट्रेन के आगे लगाई छलांग
रानी की सराय रेलवे स्टेशन के पास दर्दनाक हादसा, महिला और दो बच्चों की मौत
चार और छह साल के बताए जा रहे दोनों बच्चे, तीनों की नहीं हो सकी पहचान
आजमगढ़ में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां रानी की सराय रेलवे स्टेशन के पास एक महिला ने अपने दो बच्चों के साथ ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। हादसे में महिला और दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची आरपीएफ और स्थानीय पुलिस ने जांच-पड़ताल की। काफी प्रयास के बाद भी महिला और दोनों बच्चों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने पहचान कराने के लिए सोशल मीडिया पर तस्वीरें प्रसारित की हैं।
आजमगढ़ के रानी की सराय रेलवे स्टेशन के पास बुधवार दोपहर दर्दनाक हादसा हुआ। करीब 32 वर्षीय महिला अपने चार और छह साल के दो बच्चों के साथ स्टेशन पर काफी देर से बैठी थी। इसी दौरान शाहगंज से आजमगढ़ की ओर जा रही ताप्ती गंगा एक्सप्रेस स्टेशन से गुजरी। ट्रेन का यहां ठहराव नहीं था और वह बीच वाली पटरी से गुजर रही थी। इसी दौरान महिला और दोनों बच्चे ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में तीनों की मौत हो गई। ट्रेन गुजरने के बाद पटरी पर शव क्षत-विक्षत हालत में मिले तो मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची आरपीएफ और स्थानीय पुलिस ने शवों की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। रानी की सराय थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह के मुताबिक, महिला और दोनों बच्चों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए सोशल मीडिया पर तस्वीरें भी प्रसारित की गई हैं।





