एनएच-233 पर भीषण हादसा, डिवाइडर तोड़ दूसरी लेन में घुसी कार, दो युवकों की मौत
ओवरब्रिज से उतरते समय अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक से टकराई कार, तीन घायल आजमगढ़ रेफर
लालगंज (आजमगढ़)। आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर एनएच-233 पर बुधवार को भीषण सड़क हादसे में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के मोलनापुर गांव में प्राथमिक विद्यालय के समीप ओवरब्रिज से उतरते समय स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई। इसके बाद कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंचे देवगांव कोतवाल सुनील कुमार सिंह ने स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त कार को तोड़कर उसमें फंसे पांचों युवकों को बाहर निकलवाया। इनमें शीतल (19) पुत्र सुरेंद्र और रोहन (19) पुत्र रमाकांत की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, विशाल (18) पुत्र शशिकांत, परविंद (20) पुत्र राजबहादुर और साहिल (20) पुत्र जबिंदर घायल हो गए।
तीनों घायलों को संयुक्त सौ शैय्या चिकित्सालय लालगंज पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए आजमगढ़ रेफर कर दिया गया।
बताया गया कि पांचों युवक जौनपुर जिले के केराकत थाना क्षेत्र के सरायबीरू गांव के निवासी थे। वे घर से कार धुलवाने के लिए निकले थे और देवगांव आए थे। इसी दौरान एनएच-233 पर हादसे का शिकार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने दो शवों को पोस्टमार्टम हेतु आजमगढ़ भेज दिया





