भरत मिलाप और आकर्षक झांकियों ने मोहा मन, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा लालगंज

Spread the love

भरत मिलाप और आकर्षक झांकियों ने मोहा मन, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा लालगंज

भोर में 2:30 बजे संपन्न हुआ दो दिवसीय दुर्गा पूजा मेला, आयोजकों ने सहयोगियों और श्रद्धालुओं के प्रति जताया आभार

लालगंज (आजमगढ़)। शारदीय पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित दो दिवसीय दुर्गा पूजा मेले के दूसरे दिन भरत मिलाप और आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, माता सीता और हनुमान जी की झांकियों के साथ निकली शोभायात्रा में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। भरत मिलाप के भावुक दृश्य ने लोगों को भावविभोर कर दिया। जय श्रीराम के जयकारों से पूरा लालगंज बाजार गूंज उठा। भोर में करीब 2:30 बजे मेले का समापन हुआ।

आदर्श लाग एवं भरत मिलाप समिति लालगंज के आयोजक विपिन साहू और विपिन मद्देशिया पिंटू की देखरेख में तहसील परिसर से लाग और झांकियां निकाली गईं। इनमें राधा-कृष्ण, शिव-पार्वती, रौद्र काली, भगवान शंकर का त्रिनेत्र और शेषनाग समेत अन्य आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। वहीं, संजीवनी बूटी लेकर आते हनुमान जी और रथ पर सवार होकर भरत मिलाप के लिए जाते भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, माता सीता एवं हनुमान जी की झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया।

शोभायात्रा तहसील परिसर से निकलकर सिविल लाइन, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, चौक, गोला बाजार, खरखस्सी बाबा मंदिर और ठाकुरद्वारा मंदिर होते हुए आगे बढ़ी। इस दौरान भगवान श्रीराम और लक्ष्मण का भरत एवं शत्रुघ्न से मिलन हुआ। बड़े भाई श्रीराम की खड़ाऊं रखकर उनकी प्रतीक्षा कर रहे भरत के मिलन का दृश्य देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। मुखौटों से सजी झांकियां भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं।

 

आरती के बाद मेले का समापन

 

भरत मिलाप के बाद भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न, माता सीता और हनुमान जी की आरती कर विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। इसके बाद भोर में करीब 2:30 बजे मेले का समापन हुआ। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला।

 

आयोजकों ने जताया आभार

 

मेले के सफल आयोजन पर मेला समिति के अध्यक्ष मनोज साहू, विपिन साहू एवं कन्हैया साहू तथा मेला महासंघ के अध्यक्ष सहादूर सोनकर ने नगरवासियों, श्रद्धालुओं और आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर दीनदयाल बरनवाल, चेयरमैन प्रतिनिधि शरद यादव, चंदन साहू, अमन साहू, दिवाकर गुप्ता, मनीष साहू, कृष्ण कुमार सोनी,विकास कुमार सेठ, मोनू बरनवाल, पीयूष गुप्ता , मनोज गुप्ता, नीरज जायसवाल, लक्ष्मण साहू, सत्यम जायसवाल, ऋषभ मद्देशिया, विकास सेठ, मोनू बरनवाल, पीयूष गुप्ता, अभिषेक गुप्ता, विवेक सोनकर, दिनेश सोनकर, गायक राकेश विश्वकर्मा, गायक विनय हंस, राधा मौर्या और सौरभ श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में नगरवासी एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *