फर्जी आधार कार्ड और APK लिंक से साइबर ठगी करने वाला युवक गिरफ्तार, मोबाइल, फर्जी आधार व नकदी बरामद

Spread the love

फर्जी आधार कार्ड और APK लिंक से साइबर ठगी करने वाला युवक गिरफ्तार, मोबाइल, फर्जी आधार व नकदी बरामद

 

आजमगढ़। महाराजगंज थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह से जुड़े एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी फर्जी आधार कार्ड और मोबाइल सिम का इस्तेमाल कर सोशल मीडिया पर APK लिंक भेजकर लोगों के मोबाइल हैक करता था और उनके बैंक खातों से रुपये निकाल लेता था। पुलिस ने उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन, फर्जी आधार कार्ड, एक आईडी और 1,330 रुपये नकद बरामद किए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात एवं साइबर सेल प्रभारी पंकज कुमार श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में महाराजगंज पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि साइबर ठगी में शामिल एक युवक क्षेत्र में मौजूद है और किसी वारदात की फिराक में है।

सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक मोबाइल फोन, एक फर्जी आधार कार्ड, एक आईडी तथा 1,330 रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम कृष्ण कुमार पुत्र जयदेव राम, निवासी ग्राम बीबीपुर, थाना महाराजगंज, जनपद आजमगढ़ बताया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह फर्जी आधार कार्ड के माध्यम से विभिन्न सेवा केंद्रों से मोबाइल सिम प्राप्त करता था। इन सिम कार्डों को मोबाइल में सक्रिय कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नई फिल्मों और वेब सीरीज डाउनलोड कराने के नाम पर APK फाइल वाले लिंक पोस्ट करता था। जैसे ही कोई व्यक्ति उस लिंक पर क्लिक करता था, उसका मोबाइल हैक हो जाता था और बैंकिंग संबंधी जानकारी हासिल कर खातों से धनराशि निकाल ली जाती थी।

पुलिस के अनुसार आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर इस साइबर ठगी को अंजाम देता था। गिरोह द्वारा फर्जी दस्तावेजों का उपयोग कर सिम कार्ड हासिल किए जाते थे, जिससे पहचान छिपाकर साइबर अपराध किए जा सकें। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *