अतरौलिया मेले को लेकर शांति समिति की बैठक, विसर्जन का समय निर्धारित
अतरौलिया। स्थानीय थाना परिसर में सोमवार को थाना अध्यक्ष अश्वनी कुमार दुबे के नेतृत्व में तीन दिवसीय मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए शांति समिति की बैठक हुई। इसमें सभी 29 मूर्ति समितियों के अध्यक्ष और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

थाना अध्यक्ष ने बताया कि 28 तारीख को मूर्ति विसर्जन का समय शाम चार से छह बजे तक निर्धारित किया गया है। विसर्जन शेखपुरा स्थित चिन्हित स्थल पर होगा। वहां प्रकाश की व्यवस्था के लिए बिजली विभाग को निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने प्रत्येक पूजा पंडाल के पास 10 स्वयंसेवक तैनात करने और शराबियों को पंडाल के आसपास न रुकने देने की अपील की। साथ ही विसर्जन के दौरान डीजे प्रतियोगिता पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। पंडालों में कम आवाज में भक्ति गीत बजाने और प्रशासन का सहयोग करने के निर्देश दिए गए। इस पर मेला समिति के लोगों ने अपनी सहमति जाहिर की।





