ऑपरेशन के बाद प्रसूता की मौत, निजी अस्पताल में हंगामा

Spread the love

ऑपरेशन के बाद प्रसूता की मौत, निजी अस्पताल में हंगामा

परिजनों ने इलाज में लापरवाही का लगाया आरोप, अस्पताल संचालक डॉक्टर हिरासत में; नवजात सुरक्षित

आजमगढ़। बिलरियागंज थाना क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के बाद प्रसूता की मौत हो जाने से सोमवार को हड़कंप मच गया। घटना के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और अस्पताल संचालक डॉक्टर को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

रौनापार थाना क्षेत्र निवासी 28 वर्षीय कौशल्या देवी, पत्नी मनीष साहनी, को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन बिलरियागंज स्थित राजेश हॉस्पिटल लेकर पहुंचे थे। यहां ऑपरेशन के बाद उन्होंने एक बच्ची को जन्म दिया। परिजनों के अनुसार, ऑपरेशन के बाद प्रसूता की तबीयत बिगड़ने लगी। अस्पताल से हायर सेंटर रेफर किए जाने पर जिला मुख्यालय पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। नवजात बच्ची सुरक्षित है।

घटना की सूचना पर बलरामपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अस्पताल संचालक डॉ. विनोद मौर्य को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

परिजनों का आरोप है कि अस्पताल का वैध पंजीकरण नहीं था और ऑपरेशन करने वाले चिकित्सक की योग्यता पर भी सवाल उठाए। वहीं, जिले में अवैध अस्पतालों के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच इस घटना ने निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *