आजमगढ़ : शंभूपुर हत्याकांड पर सपा का प्रतिनिधिमंडल गया गाव उठाई मांग
आजमगढ़ के अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर हत्याकांड को लेकर सियासत तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष हवलदार यादव के नेतृत्व में गांव पहुंचा और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। सपा ने मृतक परिवारों को पांच-पांच करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और सरकारी नौकरी देने की मांग की। *वहीं सपा सांसद दरोगा प्रसाद सरोज ने कहा कि हत्याकांड की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग संसद में उठाई जाएगी।*

दूसरी तरफ मुठभेड़ में मारे गए अरविंद सिंह की भतीजी ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।*
अहरौला के शंभूपुर गांव में हुए हत्याकांड के बाद गुरुवार को समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल गांव पहुंचा। जिलाध्यक्ष हवलदार यादव के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली।
सपा जिलाध्यक्ष ने सरकार से मृतक परिवारों को पांच-पांच करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता, सरकारी नौकरी और भरण-पोषण के लिए सहायता देने की मांग की। साथ ही मुठभेड़ में मारे गए अरविंद सिंह के परिवार के लिए भी तत्काल रहने की व्यवस्था कराने की मांग की गई, क्योंकि परिवार का मकान पुलिस द्वारा सील किए जाने की बात कही गई है।
सपा सांसद दरोगा प्रसाद सरोज ने कहा कि शंभूपुर हत्याकांड की जांच का मुद्दा संसद में उठाया जाएगा। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
वहीं मुठभेड़ में मारे गए अरविंद सिंह की भतीजी ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए चचेरे भाई शौर्य की मौत की जांच की मांग की। उसने परिवार से जुड़े पुराने मामलों का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि जिन लोगों पर उसके परिवार के साथ गंभीर घटनाओं में शामिल होने का आरोप है, उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई। *उसने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।*
प्रतिनिधिमंडल में अजीत कुमार राव, जिला प्रवक्ता पप्पू कुमार यादव समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।





